Connect with us

BIHAR

बिहार में जल्द ही किया जाएगा नदियों के प्रवाह का अध्ययन केंद्र, बार-बार पुणे जाने की जरूरत नहीं

Published

on

WhatsApp

बिहार में नदियों से जुड़े डाटा एकत्र कर जल संचयन और प्रवाह क्षमता का अध्ययन करने वाले केंद्र का निर्माण होगा जो कि देश का दूसरा केंद्र होगा। वहीं शुक्रवार के दिन सीएम नीतीश कुमार के द्वारा सुपौल जिले के वीरपुर में बिहार कोसी बेसिन विकास परियोजना के तहत इस भौतिक प्रतिमान केंद्र का सर्वे किया गया। साथ ही पदाधिकारियों को निर्देश भी दिए गए हैं।

इसके निर्माण कार्य को दिसंबर महीने तक पूर्ण करने का
लक्ष्य रखा गया है। भौतिक प्रतिमान केंद्र के निर्माण के पश्चात बाढ़ प्रबंधन और सिंचाई की योजनाओं के लिए नदियों से जुड़े जरूरी अध्ययन को कम समय में पूर्ण किया जा सकेगा। इसके लिए पुणे जाने की जरूरत नहीं होगी और खर्च भी कम होगा।

जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता, वीरपुर द्वारा डायग्राम के माध्यम से निर्माण हो रहे कैंपस प्लान की जानकारी सीएम को दी गई। उन्होंने कहा कि जल संसाधन के बेहतर उपयोग के लिए उच्च कोटि के भौतिक प्रतिमान केंद्र की स्थापना की जा रही है। पुणे के बाद बिहार में नदियों के हाइड्रोलिक गुणों के अध्ययन के लिए वाटर एंड पावर रिसर्च स्टेशन स्थापित किया जा रहा है। इसके माध्यम से बाढ़ आने से पूर्व ही जानकारी मिल जाएगी।

इस केंद्र के निर्माण के लिए कुल 108 करोड़ 93 लाख रुपए खर्च किए जा रहे हैं। शुरुआती समय में यहां कोसी नदी से संबंधित अध्ययन किया जाएगा। कुछ समय बाद यहां बिहार और अन्य राज्यों की नदियों से जुड़े डाटा को एकत्र किया जाएगा। इस केंद्र में मुख्य रूप से कोसी नदी का भौतिक प्रतिमान, कोसी बराज का प्रतिमान होगा। साथ ही बिहार के अन्य नदियों के लिए चार अदद मॉडल ट्रे का निर्माण किया जा रहा है, जिससे अन्य सभी नदियों की भी मॉडलिंग कार्य किया जा सकेगा।

सीएम द्वारा पूर्वी कोसी तटबंध के पुनर्स्थापना एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का भी सर्वे किया गया। पीवीसी कोटेड गैबियन बक्स में बोल्डर डालकर स्पर का सुरक्षात्मक एवं पुनर्स्थापना कार्य किया जा रहा है जिससे तटबंध सुरक्षित रहे। सीएम द्वारा किया जा रहा सर्वे में जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, जल संसाधन विभाग के सचिव संजय कुमार अग्रवाल, कोसी प्रमंडल के आयुक्त गोरखनाथ, कोसी क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक शिवदीप लांडे, सुपौल के जिलाधिकारी कौशल कुमार, पुलिस अधीक्षक अमरकेश डी के साथ अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे।