Connect with us

BIHAR

पटना से आरा–बक्सर–हरदिया–बलिया तक ग्रीन फील्ड कॉरिडोर का किया जाएगा निर्माण, पढ़े पूरी ख़बर

Published

on

WhatsApp

पटना से आरा–बक्सर–हरदिया–बलिया तक फॉर लेन की ग्रीन फील्ड कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा। कुल 8500 करोड़ रुपए की लागत से इस कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा जिसकी कुल लंबाई 118 किमी होगी। इस कॉरिडोर को चार फेज में पूरा किया जायेगा और साथ ही इसे पूर्वांचल एक्सप्रेस से भी जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा आरा रिंग रोड को भी ग्रीन फील्ड कॉरिडोर से जोड़ा जाएगा। इसके लिए 21 किमी कनेक्टिंग रोड का निर्माण होगा जिसपर 381 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। करीब 266 करोड़ रुपए के खर्च पर पटना–बक्सर फोरलेन को जोड़ने वाले कोईलवर सिक्स लेन पुल का निर्माण किया गया है। शनिवार के दिन इस पुल के डाउन स्ट्रीम थ्री लेन का लोकार्पण केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया।

पुल के उप स्ट्रीम थ्री लेन पहले ही चालू किया जा चुका है। इसी वजह से कोईलवर में लगने वाले जाम से लोगों को राहत मिला। कोईलवर हाई स्कूल परिसर में पुल के लोकार्पण के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री आरके सिंह, अश्विनी चौबे, कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह, पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन और पूर्व मंत्री व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह द्वारा किया गया। वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से केंद्रीय मंत्री ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में सड़क परिवहन को और सुदृढ़ किया जाएगा। वहीं बिहार में आठ ग्रीन फील्ड कॉरिडोर के निर्माण पर एक लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

बिहार में सड़कों और पुलों के निर्माण में बिहार सरकार ने भी काफी सहयोग दिया है जिसकी वजह से सड़क एवं पुल परियोजनाओं में कोई दिक्कत नहीं हुई और इसे समय पर पूर्ण किया गया। बिहार के इस वर्ष कई फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए टेंडर जारी होगा तो वहीं कई फोरलेन सड़क का निर्माण पूर्ण होगा। केंद्रीय मंत्री द्वारा सीएम से गुजारिश किया गया कि ग्रीन फील्ड कॉरिडोर और एक्सप्रेस हाईवे के किनारे भूमि अधिग्रहित कर इंडस्ट्रियल क्लस्टर और लॉजिस्टिक पार्क बनाया जाए जिससे बिहार का औद्योगिक क्षेत्र में भी विकास होगा।

पटना से बिहटा तक एलिवेटेड सड़क का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होगा जिसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री गडकरी द्वारा दी गई। साथ ही कहा कि पटना-आरा-सासाराम ग्रीनफील्ड कॉरिडोर का भी निर्माण होगा जिसके अंतर्गत आरा के पास सोन नदी पर तीन किमी लंबा फोरलेन ब्रिज का निर्माण होगा। वहीं वाराणसी से बिहार के औरंगाबाद तक इकॉनॉमिक कॉरिडोर का भी निर्माण किया जाना है जिसकी कुल लंबाई 192 किमी होगी। इसमें से 57 किमी भाग उत्तर प्रदेश में और 135 किमी भाग बिहार में होगा। यह झारखंड के धनबाद को भी जोड़ने का काम करेगा। पटना से बेतिया के बीच 165 किमी लंबी ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस पर 6500 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा वाराणसी से कोलकाता एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए दस हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह यूपी के चंदौली से कैमूर, रोहतास होकर पश्चिम बंगाल तक जाएगी।