Connect with us

BIHAR

दीघा से एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट तक गंगा चैनल का निर्माण, पटना के गंगा घाटों की बढ़ेगी खूबसूरती

Published

on

WhatsApp

पटना में गंगा नदी के तट पर दीघा से गांधी मैदान के पास स्थित एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट तक गंगा चैनल और वॉक–वे का निर्माण किया जाएगा। इस क्षेत्र में एक हरित पट्टी का भी विकास किया जाएगा जो एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट से दीघा तक के घाटों की को बढ़ाने का कार्य करेगा। इसके साथ ही गंगा एक्सप्रेस-वे भी देखने में और अधिक खूबसूरत हो जाएगा।

फिलहाल पटना सिटी से कलेक्ट्रेट के बीच रिवर फ्रंट का निर्माण किया जा चुका है। इन क्षेत्रों में गंगा नदी के तट पर सीढ़ियों का निर्माण किया गया है। जानकारी के अनुसार गंगा चैनल और वॉक-वे की लंबाई निर्धारित की गई है जो छह किमी होगी। वहीं करीब छह वर्ष पूर्व कुर्जी से गंगा के तट पर गंगा चैनल का निर्माण किया गया था परंतु उसका वजूद खत्म हो चुका है। इसी वजह से पुनः इसका निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही लोगों को सुबह–शाम टहलने के लिए और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के लिए हरित पट्टी का विकास किया जाएगा।

खबर के अनुसार गंगा एक्सप्रेस-वे एलिवेटेड सड़क की चौड़ाई 21 मीटर है। वहीं दीघा से लेकर गांधी मैदान के पास स्थित एएन सिन्हा इंस्टीट्यूट तक निर्मित सड़क की चौड़ाई 40 मीटर है। दावा किया जा रहा है कि यह सड़क पटना की सबसे आकर्षक सड़क होगी। लगभग 3831 करोड़ रूपए की लागत से गंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य किया जा रहा है। वहीं गंगा एक्सप्रेस-वे का सात किमी का कार्य पूर्ण हो चुका है।

विगत दिन ही पथ निर्माण विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत द्वारा गंगा एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण किया गया। गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य को किसी भी परिस्थिति में निर्धारित समय में पूर्ण करने का निर्देश इंजीनियरों को दिया गया। वहीं अटल पथ एक्सटेंशन, एएन सिंह आर्म अटल पथ रोटरी और पीएमसीएच आर्म का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसकी जानकारी इंजीनियरों द्वारा दी गई है। फिलहाल पीएमसीएच के आवागमन के लिए एक्सप्रेसवे के एक लेन की शुरुआत की जा रही है। वहीं इसके दूसरे लेन का कार्य अभी भी जारी है। अधिकारियों के अनुसार एलसीटी घाट के पास निर्माधीन आर्म में फिलहाल कुछ समय लगेगा। इसके निर्माण कार्य को दो महीनों में पूर्ण करना है।