Connect with us

BIHAR

साहेबगंज और मुजफ्फरपुर जाना होगा आसान, NH परियोजनाओं के लिए एक महीने में 13000 करोड़ का टेंडर जारी

Published

on

WhatsApp

साहेबगंज से मुजफ्फरपुर के लिए सड़क मार्ग को सुगम बनाने का कार्य किया जाएगा। इसके लिए सरकार द्वारा इन दोनों शहरों को जोड़ने के लिए भारतमाला योजना के अंतर्गत विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसके लिए भूमि अधिग्रहण की शुरुआत की जाएगी। इसके निर्माण से बिहार के साहेबगंज और मुजफ्फरपुर की दूरी कम हो जायेगी। इसके साथ ही नेपाल के लिए सड़क मार्ग आसान हो जाएगा।

मंगलवार के दिन बिहार के पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन द्वारा इस बात की जानकारी दी गई। विगत 31 मई को माननीय मंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार के साथ बैठक हुई। इस बैठक में
बिहार में एनएच के हाल को ठीक करने को बात की गई।
इसको लेकर विगत एक महीने में 229.282 किमी लंबाई में 7 राष्ट्रीय उच्च पथ के परियोजनाओं के निविदा निर्गत किए गए हैं। इसके लिए लगभग 12,604.51 करोड़ का बजट तैयार किया गया है।

नितिन नवीन के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा वर्तमान में तीन राष्ट्रीय राजमार्गों के कुल 118.459 किमी लंबे पथ के निर्माण के लिए निविदा निर्गत की गई है जिसपर कुल 2097.41 करोड़ रूपए खर्च किए जाएंगे। निविदा प्राप्त करने की अंतिम तिथि 19 सितंबर 2022 है। इन योजनाओं के कार्य को पूर्ण करने के लिए 2 वर्ष का समय निर्धारित किया गया है।

इसके तहत नव घोषित राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 227एफ के 34.566 किमी लम्बे चोरमा से बैरगनियाँ पथांश का 2 लेन में उन्नयन कार्य किया जाएगा जिसपर 353.09 करोड़ रूपए खर्च होंगे। वहीं 485.31 करोड़ रूपए के खर्च से राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 527ए और 327इ के कुल 39.183 किमी लंबे बकौर-परसरमा-बनगाँव-बैरियाही-महिषी पथांश का 2 लेन में उन्नयन कार्य किया जाएगा। इसके अलावा 1269.01 करोड़ के खर्च पर नव घोषित राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 139डब्लू के 44.80 किमी लम्बे मानिकपुर से साहेबगंज पथांश का फोरलेन में उन्नयन कार्य किया जाएगा।

इसके संबंध में नितिन नवीन ने विशेष जानकारी दी। इसके तहत कुल 5 चरणों में नवघोषित राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 139डब्लू का निर्माण कार्य किया जाएगा। इसके प्रथम चरण में गंगा नदी पर जेपी सेतु के समानान्तर सिक्स लेन पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके दूसरे चरण में सोनपुर बाईपास से मानिकपुर तक फोरलेन सड़क के निर्माण के साथ गंडक नदी पर नये पुल का निर्माण किया जाएगा। इसके तीसरे चरण में मानिकपुर से साहेबगंज पथांश का निर्माण किया जाएगा जिसकी निविदा निर्गत की गई है। चौथे और पांचवें चरण के अंतर्गत साहेबगंज से अरेराज और अरेराज से बेतिया तक फोरलेन सड़क निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य जारी है।

उन्होंने बताया कि धार्मिक गलियारा के अंतर्गत स्वीकृत उमगांव से महिषी पथ में उमगांव से लेकर भेजा तक कार्य पूर्व में ही आवंटित कर दिया गया है। वहीं कोशी नदी पर भेजा-बकौर के बीच टू लेन पुल का निर्माण कार्य
जारी है। बकौर से परसरमा होते हुए बनगाँव, बरियाही से संपर्क स्थापित करते हुए महिषी तक निविदा निर्गत की गई है।

नव घोषित राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 227एफ के निर्माण से ईस्ट–वेस्ट कॉरिडोर से नेपाल तक संपर्क स्थापित हो जाएगा। साथ ही यह पथ इण्डो-नेपाल बॉर्डर रोड से इस्ट- वेस्ट कॉरीडोर को भी जोड़ने का कार्य करेगी।
इण्डो-नेपाल बॉर्डर सड़क परियोजना के तहत इसी पथ पर बैरगनियां में ललबकिया नदी पर पुल निर्माण कार्य जारी है।

इससे पहले राष्ट्रीय उच्च पथ के 4 परियोजनाओं के निर्माण के लिए निविदा निर्गत की गई थी। इसमें कुल 3737.51 करोड़ रूपए के बजट से कुल 23.50 किमी लम्बे फोरलेन दानापुर-बिहटा एलिवेटेड/एट ग्रेड सड़क का निर्माण शामिल है। इसके अलावा कुल 747.48 करोड़ रुपए के बजट पर 22.70 किमी लम्बे 4 लेन बहादुरगंज-किशनगंज सड़क का निर्माण कार्य, कुल 1027.32 करोड़ की लागत से 50.123 किमी लम्बे फोरलेन सिवान-मशरख सड़क का निर्माण कार्य, कुल 4994.79 करोड़ के बजट पर 14.50 किमी लम्बे 6 लेन शेरपुर-दिघवारा गंगा पुल का निर्माण कार्य शामिल है।

नवीन ने राज्य के सड़क अवसंरचनाओं के विकास में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सहयोग के लिए माननीय मंत्री, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय श्री नितिन गडकरी के प्रति आभार व्यक्त किया।