Connect with us

BIHAR

बेगूसराय में गंगा नदी पर पुल निर्माण को मिली स्वीकृति, कई जिलों को मिलेगी बेहतर सड़क कनेक्टिविटी

Published

on

WhatsApp

केंद्र सरकार की ओर से बेगूसराय में गंगा नदी पर मटिहानी से शाम्हो के बीच नए पुल के निर्माण को मंजूरी दे दी गई है। इस नए पुल के निर्माण से बेगूसराय के नजदीकी जिलों को भी बेहतर सड़क कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा को पत्र के माध्यम से यह जानकारी दी गई है।

नेशनल हाइवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया की ओर से भी इसके निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस पुल के निर्माण के लिए भारतमाला परियोजना की ओर से 10 हजार करोड़ रुपये का बजट भी तैयार किया गया है। गंगा नदी पर मोकामा में एनएच संख्या- 31 और मुंगेर में एनएच- 80 पर दो पुल का निर्माण किया जा रहा है। इस बात की जानकारी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा दी गई है।

नवंबर महीने तक इस पुल के निर्माण हेतु एजेंसी के चयन के लिए टेंडर जारी होने की संभावना है। वहीं नए वर्ष के शुरुआत में ही इस पुल के निर्माण कार्य की शुरुआत होने की संभावना है। इस पुल के निर्माण कार्य को पूरा करने के लिए पांच वर्षों का समय निर्धारित किया गया है। इस पुल के निर्माण के बाद बिहार में गंगा नदी पर बनने वाले पुल की संख्या 9 हो जाएगी। इस पुल के निर्माण के पश्चात उत्तर बिहार और बंगाल, उत्तर बिहार और झारखंड के साथ ओड़िशा की दूरी लगभग 76 किमी कम हो जायेगी।

इसके अतिरिक्त भारतमाला योजना के राष्ट्रीय राज्यमार्ग 119 ए पटना-आरा-सासाराम फोर लेन सड़क निर्माण कार्य का प्रारंभिक अधिसूचना जारी होने की बाधाओं को दूर कर लिया गया है। इस परियोजना के संबंध में जिले के 53 राजस्व ग्राम के भूमि का अधिग्रहण कार्य किया जाएगा जिसमें 31 का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस सड़क परियोजना को लेकर जिले के पांच प्रखंडों के 53 राजस्व गांवों के भूमि को अधिग्रहित किया जायेगा।