Connect with us

BIHAR

दीदारगंज वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, गंगा पथ को पटना विवि पास अशोक राजपथ से जोड़ने हेतु कृष्णा घाट पर पानी में होगा अंडरपास निर्माण

Published

on

WhatsApp

जेपी गंगा पथ को अशोक राजपथ से जोड़ने के लिए कृष्णा घाट के पास अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। इसके निर्माण कार्य की शुरुआत नवंबर महीने में की जाएगी। यहां कनेक्टिविटी देने के लिए पहली बार गंगा नदी के पानी में 185 पाया का निर्माण होगा। इसकी ऊंचाई गंगा पथ से 5.5 मीटर नीचे होगी। इस अंडरपास का नाम वैकुलर अंडरपास रखा गया है। इससे छोटे वाहनों के साथ बस, ट्रक के साथ सभी प्रकार के भारी वाहन दीदारगंज की ओर जा सकेंगे। बिहार राज्य पथ विकास निगम के अधिकारियों के अनुसार इसके लिए पटना विवि की ओर से 2100 वर्गमीटर जमीन दी जाएगी।

विवि की ओर से इसके लिए एनओसी दे दिया गया है। इस जमीन में से 1702 वर्गमीटर पर साइंस कॉलेज में दो भवन का निर्माण हुआ है। परीक्षा हॉल और कमेस्ट्री भवन है। ये दोनों भवन दो मंजिला है। इन भवनों को ध्वस्त कर दूसरे स्थान पर नए भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए निगम की ओर से पटना यूनिवर्सिटी को 6 करोड़ 38 लाख 54 हजार रूपए दिए जाएंगे। हालांकि रिवर फ्रंट से सटे बने मंदिर को नहीं तोड़ा जाएगा। इसके ऊपर से 300 मीटर लंबा एलिवेटेड एप्रोच रोड गुजरेगा जो अशोक राजपथ को जोड़ने का कार्य करेगा।

गंगा पथ से अशोक राजपथ के बीच की दूरी 525 मीटर है। यहां पूर्व से साइंस कॉलेज और पटना यूनिवर्सिटी के बीच नगर निगम का रोड है जो अशोक राजपथ से कृष्णा घाट तक जा रहा है। इस वर्तमान रोड पर गंगा पथ से अशोक राजपथ को जोड़ने के लिए 300 मीटर एलिवेटेड और 175 मीटर जमीन पर एप्रोच रोड का निर्माण किया जाएगा। इसके पूर्व पटना यूनिवर्सिटी से ली जाने वाली जमीन पर 5.5 मीटर की चौड़ाई में सर्विस रोड होगा जो अशोक राजपथ से कृष्णा घाट स्थित रिवर फ्रंट को जोड़ने का कार्य करेगा। यहां सड़क की कुल चौड़ाई 14 मीटर होगी।

गंगा पथ और अशोक राजपथ के बीच कनेक्टिविटी के लिए तीन वैकुलर अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। इसमें से प्रथम अंडरपास का निर्माण एलसीटी घाट के पास होगा जिसकी शुरुआत हो गई है। वर्ष 2022 के दिसंबर महीने तक इस अंडरपास पर वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा। दूसरा अंडरपास का निर्माण एएन सिन्हा के पास होगा। इस अंडरपास के निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात इसपर भी आवागमन शुरू हो जाएगा। वहीं तीसरे अंडरपास का निर्माण कृष्णा घाट के पास होगा जिसकी शुरुआत नवंबर महीने में होगी। इस अंडरपास को वर्ष 2023 के दिसंबर महीने में पूरा कर लिया जाएगा।

दीघा से दीदारगंज के बीच 20.5 किमी जेपी गंगा पथ का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसमें पीएमसीएच 7.5 किमी तक बनकर तैयार हो गया है। शेष 13 किमी का निर्माण कार्य जारी है। इसे जून 2024 तक पूरा करने का लक्ष्य है।