Connect with us

ARTICLES

दरभंगा शहर के लोगों को ट्रैफिक से मिलेगा छुटकारा, इन दो रेलवे गुमटी ऊपर आरओबी निर्माण को मिली मंजूरी

Published

on

WhatsApp

राज्य सरकार की ओर से शहर लहेरियासराय चट्टी और बेला मोर गुमटी पर रेल ओवर ब्रिज निर्माण के लिए प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है। आने वाले एक से दो दिनों में इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही टेंडर प्रक्रिया की भी शुरुआत की जाएगी जिसे दो से तीन महीने के अंतराल में पूरा कर लिया जाएगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात वर्तमान वर्ष के अक्टूबर या नवंबर महीने में निर्माण कार्य की शुरुआत की जाएगी। इन आरओबी के निर्माण के पश्चात ट्रैफिक से निजात मिल जाएगा।

खबर के अनुसार शहर के पंडासराय, लहेरियासराय चट्टी चौक, कगवा गुमटी, बेला गुमटी कुल पांच गुमटियों पर आरओबी के निर्माण के लिए बिहार पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा डीपीआर तैयार कर लिया गया है। इसपर मंजूरी लेने के लिए इसे बिहार सरकार के पास भेज दिया गया है। इसमें से लहेरियासराय चट्टी चौक और दिल्ली मोड़ जाने वाली बेला गुमटी पर आरओबी के निर्माण के लिए प्रशासनिक मंजूरी दे दी गई है। शेष बचे आरओबी के निर्माण के लिए जल्द ही मंजूरी दे दी जाएगी। पुल निर्माण निगम लिमिटेड के कार्यपालक अभियंता दीपेश कुमार ने भी इस बात की पुष्टि की। सरकार से इसके संबंध में पत्र प्राप्त होने के साथ ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

प्रतीकात्मक चित्र

आरओबी निर्माण के लिए एजेंसी को कार्य आवंटित किया जाएगा। नए नियमानुसार आवंटित तिथि से दो वर्षों में एजेंसी द्वारा निर्माण कार्य को पूर्ण करना होगा।
इससे पूर्व रेलवे द्वारा आरओबी का निर्माण किया जाता था। आरओबी के निर्माण के लिए रेलवे और बिहार सरकार के बीच मई 2019 में एक समझौता हुआ जिसके तहत आरओबी का निर्माण पथ निर्माण विभाग द्वारा भी किया जाएगा।

इसके तहत रेलवे के हिस्से का निर्माण रेल मंत्रालय और एप्रोच रोड का निर्माण पथ निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। समझौते के अनुसार पथ निर्माण विभाग द्वारा बिहार में 55 आरओबी के निर्माण का निर्णय लिया गया है। इस कार्य को बिहार राज्य पुल निर्माण निगम और बिहार राज्य पथ विकास निगम द्वारा पूरा किया जाएगा। इसके खर्च को रेलवे और राज्य सरकार के बीच बांटा जाएगा।